ननकट्ठी। ग्राम ननकट्ठी में ठीक से मानसून भी नहीं आया, लेकिन बाजार स्थल की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि दो दिन पहले हुई हल्की रिमझिम बारिश ने उसे दलदल में बदल दिया। यह वही बाजार स्थल है, जहां हर रविवार और गुरुवार को दर्जनों व्यापारी और सैकड़ों ग्रामीण खरीददारी के लिए आते हैं। लेकिन अब वहां न ग्राहक चैन से चल पा रहे हैं, न दुकानदार ढंग से दुकान लगा पा रहे हैं।

व्यापार पर मार, ग्राहक परेशान
दलदली जमीन में फिसलन और कीचड़ के कारण दुकानदारों की बिक्री ठप हो गई है और ग्राहक बाजार तक पहुंचने से कतराने लगे हैं। व्यापारियों ने कहा, “बारिश नहीं के बराबर हुई है, फिर भी बाजार में कीचड़ हो गया है। बारिश जोर से आई तो क्या होगा, इसका अंदाज़ा कोई भी लगा सकता है।”
पिछले साल हुआ था विरोध, प्रशासन ने लिया था संज्ञान
विगत वर्ष जब हालात बेकाबू हुए थे, तब गांव के आक्रोशित ग्रामीणों ने बाजार स्थल पर धान की रोपाई कर दी थी, जिसका वीडियो और फोटो नवभारत सहित कई प्रमुख अखबारों में प्रमुखता से प्रकाशित हुए थे। खबर का असर हुआ और दूसरे ही दिन जनपद पंचायत दुर्ग व पंचायत विभाग के अफसरों ने सर्वे कर सीमेंटीकरण का वादा किया था।
एक साल बीत गया, ना योजना आई, ना एक ईंट रखी गई
आज उस सर्वे को लगभग एक वर्ष होने वाला है, लेकिन बाजार स्थल की स्थिति आज भी जस की तस बनी हुई है। सीमेंटीकरण के नाम पर न कोई बजट स्वीकृत हुआ और न ही एक फूटी कौड़ी आई। लोगों का भरोसा उठ चुका है और प्रशासन की नियत पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
युवाओं की चेतावनी: इस बार भी रोपाई करेंगे
गांव के जागरूक युवाओं ने कहा है कि यदि इस बार भी प्रशासन ने बाजार स्थल के सुधार को नजरअंदाज किया, तो बाजार में दोबारा धान की रोपाई कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और इसकी जानकारी सोशल मीडिया से लेकर जिला मुख्यालय तक पहुंचाई जाएगी।











