चारागाह विकास, सामाजिक सुधार और कानून व्यवस्था के लिए जनप्रतिनिधियों ने लिया साझा संकल्प

ग्राम ननकट्ठी में रविवार को हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक में ग्रामीणों की उपस्थिति में गांव के विकास, पशुपालन की सुविधा और सामाजिक कुरीतियों पर नियंत्रण के लिए कई ऐतिहासिक निर्णय लिए गए।
अवैध कब्जों पर सख्त फैसला
बैठक में चारागाह भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों को हटाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। ग्राम विकास समिति ने अवैध कब्जाधारियों को एक सप्ताह की मोहलत दी है। इसके बाद यदि कब्जा नहीं हटाया गया तो प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
पशुओं के लिए निर्धारित होगा चारागाह क्षेत्र
गांव में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या को देखते हुए ग्राम विकास समिति ने विशेष चारागाह क्षेत्र तय करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों से अपील की है कि वे इस काम में स्वेच्छा से सहयोग करें ताकि गांव के मवेशियों के लिए चारे की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
अवैध शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध
बैठक में अवैध शराब की बिक्री पर सख्ती से रोक लगाने का प्रस्ताव पारित किया। तय किया कि इस प्रकार के कार्यों की जानकारी पुलिस प्रशासन को तत्काल दी जाएगी। साथ ही, गांव के सार्वजनिक स्थानों पर चेतावनी वाले पोस्टर चस्पा किए जाएंगे।
जुआ-ताश जैसी गतिविधियों पर सख्त नजर
गांव में जुए, ताश और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों को पूरी तरह रोका जाएगा। युवाओं को इन बुराइयों से बचाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
निर्णयों के क्रियान्वयन के लिए गांव में दौरा
बैठक के बाद सरपंच श्रीमती सुशील साहू, अध्यक्ष तेजस्वी शर्मा, उपाध्यक्ष चेतन लाल साहू, सचिव ओमप्रकाश साहू, कोषाध्यक्ष लोकेश साहू, पंचगण और सक्रिय ग्रामीण जनों ने गांव का भ्रमण कर स्थिति का प्रत्यक्ष जायजा लिया।इस दौरे में बुद्धिसागर वर्मा, टोकेश्वर धनकर, दुर्गेश्वरी पटेल, सरिता साहू, अशोक राजपूत, ललित साहू, नरेंद्र शर्मा और पुनीत धनकर भी शामिल रहे। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों की स्थिति को देखा और जहां आवश्यकता थी, वहां त्वरित सुधार के निर्देश दिए।











