आनंद साहू +91 9977213194
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के जनसंचार एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभाग में सत्र 2025 के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। भावनाओं से भरे इस आयोजन की शुरुआत प्रसिद्ध गीत “हम रहें या ना रहें कल, याद आएंगे ये पल…” के साथ हुई, जिसने सभी की आंखें नम कर दीं और समारोह को एक भावुक माहौल प्रदान किया।

इस अवसर पर एमए जनसंचार, बीएजेएमसी, बीएससी और एमएससी इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को उनके जूनियर साथियों द्वारा गरिमामयी और हर्षोल्लासपूर्ण विदाई दी गई। कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत विश्वविद्यालय के कुलसचिव श्री सुनील शर्मा के प्रेरणादायक संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि कोई भी संस्था केवल ईंट और पत्थर से नहीं, बल्कि विद्यार्थियों की ऊर्जा, विचारों और कर्मठता से बनती है। उन्होंने सीनियर छात्रों से नए जीवन की शुरुआत में आत्मविश्वास और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मोहंती ने कहा कि हर छात्र का यह सफर एक दिन पूर्ण होता है, लेकिन यह अंत नहीं बल्कि एक नई शुरुआत होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में श्रेष्ठ उपलब्धियाँ प्राप्त करने की शुभकामनाएँ दीं। वहीं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया विभागाध्यक्ष डॉ. नृपेन्द्र शर्मा ने विद्यार्थियों को जीवन के उतार-चढ़ाव को स्वीकार कर उनसे सीख लेने की सलाह दी।
समारोह में जूनियर विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। नृत्य, गीत-संगीत, कविता-पाठ और मस्ती भरे नाट्य अंशों ने पूरे माहौल को मनोरम बना दिया। साथ ही, विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गईं, जिनमें सीनियर विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में जूनियर्स ने अपने सीनियर्स को उपहार और स्मृतिचिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।












