जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने लिया अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संकल्प
ग्राम पंचायत ननकट्ठी में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान को समर्पित विशेष आयोजन किया गया। ग्राम पंचायत भवन परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की शुरुआत करते हुए आम का पौधा रोपण किया गया। यह पहल मातृभूमि और प्रकृति के प्रति श्रद्धा और संरक्षण की भावना को दर्शाती है।
कार्यक्रम की शुरुआत पंचायत भवन में आम का पौधा रोपण कर की गई, जिसमें सरपंच श्रीमती सुशील साहू, पंच सालिकराम पटेल, बलराम साहू सहित अन्य पंचों और ग्रामीणों की सहभागिता रही। इस अवसर पर ग्रामीणों ने एक स्वर में संकल्प लिया कि वे अधिक से अधिक पेड़ लगाकर इस अभियान को सफल बनाएंगे।
इस मौके पर केंद्र सरकार की योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी लाभार्थियों को दो-दो पौधे वितरित किए गए। हितग्राहियों को पौधों की सुरक्षा और नियमित देखरेख के लिए प्रेरित किया गया, जिससे ये पौधे न केवल जीवित रहें बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए हरियाली की अमूल्य सौगात बन सकें।
सरपंच सुशील साहू ने कहा कि – “गुरु पूर्णिमा जैसे पवित्र दिन पर यह अभियान शुरू करना हमारे संस्कारों और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी को दर्शाता है। यह केवल पौधारोपण नहीं, एक स्थायी स्मृति है जो मां के प्रति सम्मान और धरती के प्रति कर्तव्य का प्रतीक है।”











