लगातार बारिश के बाद खेतों में दिखने लगी हरियाली, मजदूरों की मांग बढ़ी, ठेके पर हो रहा रोपा
दुर्ग जिला के ग्राम ननकट्ठी सहित आसपास के क्षेत्रों में लगातार हुई झमाझम बारिश के बाद अब धान की रोपाई का कार्य तेजी से चल रहा है। शनिवार को नवभारत पत्रकार आनंद साहू से चर्चा करते हुए ग्राम सगनी के कृषक कुंजलाल निषाद ने बताया कि क्षेत्र में तीन दिनों तक लगातार हुई वर्षा के कारण खेतों में अत्यधिक पानी भर गया था, जिससे कृषि कार्य कुछ दिनों के लिए ठप हो गया था। किन्तु अब मौसम साफ होते ही खेतों में रोपाई की रफ्तार तेज हो गई है।

कुंजलाल निषाद, जो स्वयं एक रोपा ठेकेदार भी हैं, ने बताया कि वे लगभग 35 मजदूरों की एक टीम के साथ रोपाई का कार्य करते हैं। प्रति एकड़ ₹7000 के हिसाब से रोपा लगाने का ठेका लिया जाता है। प्रत्येक मजदूर को ₹400 से ₹500 प्रतिदिन की मजदूरी मिल जाती है। इस वर्ष बारिश समय पर होने के कारण किसानों में उत्साह देखा जा रहा है और खेतों में हरियाली लहलहा रही है।
ग्राम ननकट्ठी के कृषक दिलीप कुमार साहू ने बताया कि डोंगरिया बांध से नहरों में भरपूर पानी मिल रहा है, जिससे सिंचाई की समस्या नहीं है और रोपाई कार्य निर्विघ्न रूप से जारी है। वहीं उन्नत कृषक महेश कुमार ताम्रकार ने बताया कि उनके पास 13 एकड़ खेत हैं, जहां ट्यूबवेल की सहायता से सिंचाई होती है। मजदूरों की कमी के कारण रोपाई में थोड़ी देर हुई, लेकिन आने वाले दो-तीन दिनों में यह कार्य पूरा हो जाएगा।
इसी तरह ग्राम के कृषक झड़ीराम ने बताया कि उनके खेतों में धान की थरहा अच्छी तरह तैयार हो गई है। शनिवार को बैल और कोप्पर की सहायता से खेतों की जुताई की गई है। जल्द ही वे रोपाई कार्य शुरू करेंगे।
रोपाई कार्य के साथ ग्रामीणों में नई उम्मीदें जागी हैं। अच्छी बारिश और समय पर कृषि कार्य शुरू हो जाने से किसानों को इस बार अच्छी उपज की संभावना है।











