ग्राम कोड़िया के भुईफोड़ शिवलिंग शिव मंदिर में तैयारियां पूर्ण, श्रद्धालुओं में उत्साह

इस बार सावन महीने की शुरुआत एक अत्यंत शुभ योग “शिववास योग” के साथ हो रही है। मान्यता है कि इस विशेष योग में भगवान शिव माता पार्वती के साथ कैलाश पर्वत पर विराजमान रहते हैं। इस पावन अवसर पर शिव की पूजा, रुद्राभिषेक और जलाभिषेक करने से साधकों को सुख-समृद्धि, सौभाग्य और मनचाहा वरदान प्राप्त होता है।
ग्राम कोड़िया स्थित प्राचीन भुईफोड़ शिवलिंग शिवधाम मंदिर समेत अन्य शिवालयों में सावन महोत्सव की तैयारियाँ जोरों पर हैं। मंदिर परिसर को सजाया जा रहा है और भक्तों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं। मंदिर के पुजारी रमेश बन गोस्वामी ने बताया कि श्रावण मास भगवान शिव को समर्पित है, और प्रत्येक सोमवार को शिवलिंग का जल, दूध, दही और बेलपत्र से रुद्राभिषेक कर श्रृंगार किया जाएगा।
इस बार सावन 11 जुलाई से आरंभ होकर 9 अगस्त को सावन पूर्णिमा के साथ समाप्त होगा, जो रक्षाबंधन पर्व का दिन भी है। इस बार के सावन में कुल चार सोमवार पड़ रहे हैं और प्रत्येक सोमवार विशेष ज्योतिषीय योग लेकर आ रहा है:
11 जुलाई: गजकेसरी योग और संकष्टी चतुर्थी के साथ प्रथम सोमवार, 21 जुलाई: सर्वार्थ सिद्धि योग, अमृत सिद्धि योग और बुधादित्य योग, 28 जुलाई: रवि योग, 4 अगस्त: सर्वार्थ सिद्धि योग
इसके साथ ही 10 जुलाई को श्री वेदव्यास जयंती को गुरु पूर्णिमा के रूप में मनाया जाएगा। श्रद्धालु इस पूरे मास में विशेष व्रत, पूजा-पाठ और शिव भक्ति में लीन रहेंगे।
शिवधाम मंदिर के पुजारी ने बताया कि इस सावन में आयुष्मान सौभाग्य और प्रति योग जैसे शुभ संयोग बन रहे हैं। इसलिए इस वर्ष की शिव आराधना भक्तों के लिए विशेष रूप से फलदायी मानी जा रही है।











