जल संसाधन विभाग से पानी की मांग, गिरा गांव का जल स्तर, पेयजल संकट गहराया
गर्मी ने दस्तक देते ही ग्राम ननकट्ठी और आसपास के गांवों में जल संकट विकराल रूप लेने लगा है। गांव के प्रमुख निस्तारी तालाबों का जल स्तर तेजी से गिर गया है, वहीं नया तालाब पूरी तरह सूख चुका है। गौठान तालाब और धोबिया तालाब में भी नाम मात्र का पानी बचा है, जिससे निस्तारी तक संभव नहीं हो पा रही है। पानी की कमी के कारण ट्यूबवेल और हैंडपंप भी जवाब देने लगे हैं, जिससे ग्रामीणों को पीने के पानी के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ रही है।

तांदुला से छोड़ा पानी, लेकिन तालाब अब भी प्यासे
गांव के तालाबों को भरने के लिए तांदुला बांध से पानी छोड़ा गया है, लेकिन अभी तक ननकट्ठी के तालाबों में पानी नहीं पहुंच पाया है। तालाबों तक पानी सुचारू रूप से पहुंचाने के लिए खेलीडीह से नया तालाब तक तांदुला नहर की सफाई का कार्य जोरों से किया जा रहा है। यह कार्य पूरा होते ही तालाबों में पानी पहुंचने की संभावना है, जिससे जल संकट में कुछ राहत मिल सकती है।
तालाबों में पानी नहीं, रोजमर्रा की जिंदगी पर संकट
गांव का सबसे बड़ा बांधा तालाब (25 एकड़) का जल भी तेजी से सूख रहा है। इससे ट्यूबवेल और हैंडपंपों का भू-जल स्तर काफी नीचे चला गया है। हालात इतने गंभीर हो गए हैं कि कई घरों में नलों से पानी नहीं आ रहा है। ग्रामीण सायकल और हाथ गाड़ियों से दूर-दराज के ट्यूबवेलों से पानी लाने को मजबूर हैं। जल संकट को देखते हुए नया तालाब, गौठान तालाब, धोबिया तालाब, भीम तालाब और बांधा तालाब को भरना बेहद जरूरी है। इससे भूजल स्तर में सुधार होगा और ट्यूबवेल व हैंडपंपों में पानी आ सकेगा।

जल संसाधन विभाग से पानी की मांग
सरपंच श्रीमती सुशील साहू व उपसरपंच रवि कुमार साहू ने बताया कि गांव में जल संकट को दूर करने के लिए तांदुला जल संसाधन विभाग से तालाबों में पानी भरने की मांग की गई है। जैसे ही नहर की सफाई पूरी होगी, तालाबों में पानी पहुंचेगा, जिससे गांव की जल समस्या का समाधान होगा। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही तालाब फिर से लबालब होंगे और निस्तारी व पेयजल संकट से राहत मिलेगी।










